गोरखपुर, 26 मार्च 2026,RNN। उत्तर प्रदेश के खेल परिदृश्य में एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। भारतीय रोइंग के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम के प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी मिली है। यह राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 27 मार्च से गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होगा, जिसमें देशभर की चुनिंदा महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
जापान में आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेल 2026 की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा संचालित इस शिविर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। शिविर के आयोजन में उत्तर प्रदेश खेल विभाग भी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहा है।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि शिविर के लिए चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का गोरखपुर में आगमन हो चुका है। शिविर की औपचारिक शुरुआत 27 मार्च को दोपहर तीन बजे की जाएगी। इस अवसर पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव सुभाशीष मुखर्जी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जब रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी सौंपी है। रामगढ़ताल को शांत जल स्तर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है, जो खिलाड़ियों की तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। इस शिविर के माध्यम से उत्तर प्रदेश अब वॉटर स्पोर्ट्स के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
जापान में 20वें एशियाई खेल (नागोया 2026) का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक होगा। इसके अंतर्गत रोइंग प्रतियोगिताएं 20 से 25 सितंबर 2026 के बीच नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स, गिफु प्रांत में आयोजित की जाएंगी।
राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मेघालय, केरल और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों की खिलाड़ी भाग ले रही हैं, जिनमें किरण, मृणमयी सालगांवकर, रुक्मणी, विंध्या शंकर, बी. आनंदी, किरण देवी, अश्वनी कुमारन, सानिया कृष्णन, अन्ना हेलन, हिमा टी, एंजेल मैरी, मोनिका बदोरिया और अंशिका भारती प्रमुख हैं। शिविर में कोच के रूप में राजेश कुमार और ममता जेना खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
