मुंबई ने तोड़ा हार का तिलिस्म, 13 साल बाद जीता सत्र का पहला मैच; रोहित-रिकेल्टन चमके

मुंबई, 29 मार्च 2026, RNN। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में दमदार शुरुआत करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराकर 13 साल से चले आ रहे ओपनिंग मैच में हार के सिलसिले को खत्म कर दिया। मुंबई ने पिछली बार 2012 में सत्र का पहला मुकाबला जीता था।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 220 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रन की तेज पारी खेली, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन बनाए। इसके अलावा फिन एलेन ने 17 गेंदों में 37 रन और रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में 33 रन का योगदान दिया।

221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन की मजबूत साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया।

रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उन्होंने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक रहा। यह उनका आईपीएल में 50वां अर्धशतक भी रहा।

रेयान रिकेल्टन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल थे।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 16 रन, तिलक वर्मा ने 20 रन और हार्दिक पांड्या ने 18 रन का योगदान दिया। नमन धीर 5 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाई। मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 224 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नरेन को एक-एक विकेट मिला।

मैच के दौरान कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे को फील्डिंग करते समय दाहिने हाथ में क्रैम्प्स की समस्या हो गई, जिसके चलते उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद रिंकू सिंह को टीम की कप्तानी संभालनी पड़ी।

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने न सिर्फ टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की, बल्कि 13 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *