विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह और रामचंद्र प्रधान ने किया स्व. इंद्रदेव सिंह द्वार का लोकार्पण, लखनऊ में भव्य अधिवक्ता सम्मान समारोह आयोजित

लखनऊ। इंद्रदेव सिंह मेमोरियल सोसायटी के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में स्वर्गीय इंद्रदेव सिंह (एडवोकेट) द्वार के लोकार्पण एवं अधिवक्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, पूर्व जल शक्ति मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह तथा एमएलसी रामचंद्र प्रधान ने सहभागिता करते हुए स्व. इंद्रदेव सिंह द्वार का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ता केवल पेशेवर नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था के रक्षक और समाज के संरक्षक होते हैं। उन्होंने स्व. इंद्रदेव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने वकालत और समाज सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा, “एक वकील हजारों उम्मीदों की आवाज होता है। अधिवक्ता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि न्याय की सेवा है और समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।”

अधिवक्ता परिवार को सामाजिक सुरक्षा का भरोसा

अधिवक्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने अधिवक्ता परिवार के लिए सामाजिक सुरक्षा कवच सुनिश्चित करने का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर अधिवक्ताओं के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की जाएगी।

दिवंगत अधिवक्ताओं की धर्मपत्नियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने 10 मातृशक्तियों को ₹1-1 लाख की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि सम्मान और संवेदना का प्रतीक है, जिससे उन्हें यह एहसास हो कि वे अकेली नहीं हैं।

डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में पहल, 20 युवा अधिवक्ताओं को लैपटॉप

डिजिटल युग में अधिवक्ताओं की भूमिका पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में न्यायिक प्रणाली तेजी से डिजिटल हो रही है। इसी क्रम में 20 युवा अधिवक्ताओं को लैपटॉप वितरित किए गए तथा भविष्य में 80 अन्य अधिवक्ताओं को भी लैपटॉप उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न न्यायालयों में करोड़ों पन्नों का डिजिटलीकरण और लाखों मामलों की ई-फाइलिंग की जा चुकी है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हो रही है।

85 वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम में 85 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को ऑफिस बैग, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता न्याय और मूल्यों के सच्चे पथप्रदर्शक हैं, जिनके समर्पण से न्याय व्यवस्था मजबूत बनी है।

स्व. इंद्रदेव सिंह के योगदान को किया याद

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं एमएलसी महेंद्र सिंह ने स्वर्गीय इंद्रदेव सिंह के जीवन को याद करते हुए बताया कि उनका जन्म 1944 में बलिया में हुआ था और उन्होंने 1966 में लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। वे छात्रसंघ अध्यक्ष बने और हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।

वहीं एमएलसी रामचंद्र प्रधान ने कहा कि छात्र जीवन में राजनीति की शुरुआत के समय स्व. इंद्रदेव सिंह का मार्गदर्शन हमेशा मिला और उनके सहयोग से कई युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

इस अवसर पर स्व. इंद्रदेव सिंह की धर्मपत्नी नयनतारा सिंह, नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, सेवानिवृत्त जिला जज आर.एन. सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *