भारत–अमेरिका व्यापार समझौते का पूरा विवरण सार्वजनिक करे केंद्र सरकार: कांग्रेस

इंदौर (मध्यप्रदेश), चार फरवरी – भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के अमल से भारतीय किसानों और घरेलू उद्योगों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताते हुए कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र सरकार से इस करार का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।

कांग्रेस प्रवक्ता और पार्टी के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने इंदौर प्रेस क्लब में संवाददाताओं से कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी सरकार के प्रतिनिधियों के हालिया बयानों से संकेत मिलते हैं कि इस समझौते के तहत भारत को ‘मेक इन अमेरिका’ उत्पादों की अधिक खरीद करनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारी चुनी हुई सरकार इस महत्वपूर्ण व्यापार समझौते को लेकर देश को एक भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है।”

श्रीनेत ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को भारत–अमेरिका व्यापार समझौते से जुड़े सभी बिंदुओं को सार्वजनिक करना चाहिए ताकि इसके संभावित प्रभावों पर पारदर्शी चर्चा हो सके। उन्होंने आशंका जताई कि इस करार के बाद अमेरिका के कृषि और दुग्ध उत्पाद बड़े पैमाने पर भारत आ सकते हैं, जिससे भारतीय किसानों और घरेलू उद्योगों को नुकसान होने की आशंका है।

हालांकि, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में इस व्यापार समझौते को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए कहा है कि सरकार ने करार में भारत के कृषि और दुग्ध क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने संसद के हालिया घटनाक्रम को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “उन्हें बेहयाई से रोका जा रहा है, जबकि अन्य सदस्यों को बोलने का अवसर दिया जा रहा है।”

इसके अलावा, मणिपुर में एक साल के अंतराल के बाद राष्ट्रपति शासन हटाए जाने और नई सरकार के गठन की तैयारियों पर टिप्पणी करते हुए श्रीनेत ने दावा किया कि राज्य की स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों का भरोसा जीतने के लिए सरकार को उनकी भावनाओं को समझना होगा।

एक सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने के लिए कांग्रेस नीत ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने बताया कि सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन के घटक दलों के बीच निर्णय शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर किया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *