लखपति दीदी लक्ष्य पर फोकस, आजीविका मिशन को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश

लखनऊ, 17 मार्च , RNN। प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी संस्थाओं को युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर हाल में एक करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य हासिल करना है और इसके लिए जमीनी स्तर पर परिणाम दिखने चाहिए।

कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं ने महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और स्वावलंबन से जुड़े कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। उप मुख्यमंत्री ने सभी संस्थाओं को संसाधनों और मानवबल का पूर्ण उपयोग करते हुए समयबद्ध रणनीति के तहत कार्य करने को कहा।

मौर्य ने बैंक लिंकेज को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि जिन स्वयं सहायता समूहों का अभी तक बैंक से जुड़ाव नहीं हुआ है, उनके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ‘एक पंचायत-एक बीसी सखी’ योजना को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए बड़े ग्राम सभाओं में एक से अधिक बीसी सखी नियुक्त करने पर विचार करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि बीसी सखियों के कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए कई बैंकों के साथ अनुबंध किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने बीसी सखियों को जन सेवा केंद्र संचालन, बीमा सेवाएं, ऋण वितरण, आरडी खाते खुलवाने और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने जैसे कार्यों से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए सीएसआर फंड के माध्यम से लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन के तहत मल्टीपल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए और सीआरपी (कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन) की संख्या में वृद्धि की जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार और आय के अवसर मिल सकें।

बैठक में विभिन्न संस्थाओं द्वारा कृषि वैल्यू चेन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, एग्रो प्रोसेसिंग और वित्तीय समावेशन के जरिए महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास जारी रहेंगे।

सरकार का मानना है कि इस व्यापक एक्शन प्लान से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *