केडी सिंह बाबू स्टेडियम के ट्रेनीज ने जीते दोहरे खिताब


जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता संपन्न

लखनऊ। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ के तत्वावधान में तथा लखनऊ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में केडी सिंह बाबू स्टेडियम के ट्रेनीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने चौक स्टेडियम की टीम को रोमांचक मुकाबले में 15-12 से पराजित किया।

वहीं बालक वर्ग के फाइनल में भी केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम विजेता रही। टीम ने कड़े मुकाबले में चौक स्टेडियम ट्रेनीज को 25-23 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपक्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार गौड़ ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का स्वागत केडी सिंह बाबू स्टेडियम के हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद ने किया।

समापन समारोह में लखनऊ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुमंत पांडेय ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर चौक स्टेडियम की हैंडबॉल कोच अंकिता रत्न सहित अन्य खेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।

एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों में आठ-आठ टीमों ने भाग लिया था। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *