केसीए कानपुर और सहारनपुर फाइनल में, शुक्रवार को होगी खिताबी भिड़ंत

लखनऊ। केसीए कानपुर ने प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच सिद्धि सिंह (तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी और अंजली (65 रन) के शानदार अर्धशतक की बदौलत इलाहाबाद महिला विंग को चार विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान सीएएल ब्लू की चुनौती का अंत सहारनपुर के हाथों 14 रन की हार के साथ हो गया।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से स्वीकृति प्राप्त एवं क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट के मुकाबले सेज क्रिकेट मैदान, 1090 चौराहा, गोमती नगर पर खेले जा रहे हैं।

पहले सेमीफाइनल में इलाहाबाद महिला विंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में आठ विकेट पर 138 रन बनाए। टीम 34 रन पर तीन विकेट गंवाकर दबाव में आ गई थी। कात्यायनी पाठक ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि आस्था मिश्रा ने 27 रन का योगदान दिया। इसके अलावा मीनाक्षी यादव ने 17, काजल चौरसिया ने 14 और शिवानी मौर्या ने नाबाद 13 रन जोड़े। केसीए कानपुर की ओर से सिद्धि सिंह ने तीन और गरिमा यादव ने दो विकेट हासिल किए।

जवाब में केसीए कानपुर ने 23.3 ओवर में छह विकेट पर 139 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज बबिता यादव चार रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन उनकी जोड़ीदार अंजली ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 65 रन की शानदार पारी खेली। तृप्ति सिंह ने 18 और नेहा वर्मा ने 14 रन जोड़कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

दूसरे सेमीफाइनल में सहारनपुर ने प्लेयर ऑफ द मैच भूमि सिंह (तीन विकेट, नाबाद 28 रन) के बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत सीएएल ब्लू को 14 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। सहारनपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाए। शिखा शालोट ने 34, रिया भाटी गुज्जर ने 20, दिशा शर्मा ने नाबाद 31, भूमि सिंह ने नाबाद 28 और नमिता सिंह ने 17 रन का योगदान दिया।

जवाब में सीएएल ब्लू की टीम निर्धारित ओवर में एक गेंद शेष रहते 136 रन ही बना सकी। अंशु तिवारी ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि आयुषी श्रीवास्तव ने 19 और आरजू सिंह व मंदाकिनी ने 15-15 रन का योगदान दिया।

अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 27 मार्च को सेज क्रिकेट ग्राउंड पर केसीए कानपुर और सहारनपुर के बीच सुबह 8:30 बजे से खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *