तेल अवीव। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इजरायल ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह ईरान के साथ हुए दो सप्ताह के युद्धविराम (सीजफायर) का पूरी तरह पालन कर रहा है। इजरायली सेना के मुताबिक, ईरान के खिलाफ हमले फिलहाल रोक दिए गए हैं और यह फैसला राजनीतिक निर्देशों के तहत लिया गया है।
हालांकि, इजरायल ने साफ कर दिया है कि यह सीजफायर केवल ईरान तक सीमित है और लेबनान में उसकी सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। सेना ने बताया कि वह हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी और हवाई ऑपरेशन लगातार चला रही है।
इजरायल ने यह भी कहा कि वह पूरी तरह हाई अलर्ट पर है और यदि ईरान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन होता है, तो तत्काल जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
यह युद्धविराम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल के बाद लागू हुआ। ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम देते हुए हमले रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की शर्त रखी थी।
गौरतलब है कि 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष ने पूरे क्षेत्र को युद्ध की स्थिति में ला दिया था। ईरान की जवाबी कार्रवाई में इजरायल, जॉर्डन, इराक और खाड़ी देशों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं।
करीब पांच सप्ताह चले इस संघर्ष में 1400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई सैन्य अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था, खासकर तेल बाजार पर भी देखने को मिला है।
