पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच आईपीएल 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित

नई दिल्ली, 11 मार्च ।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को लेकर बनी चिंताओं के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम बुधवार को घोषित कर दिया। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में 28 मार्च को बेंगलुरु में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि यहां होने वाले सभी मुकाबले फिलहाल कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी पर निर्भर करेंगे। पिछले सत्र में स्टेडियम में हुई भगदड़ को देखते हुए समिति 13 मार्च को बैठक कर तैयारियों का आकलन करेगी।

बीसीसीआई ने फिलहाल पहले 20 मैचों का कार्यक्रम जारी किया है। पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल तब घोषित किया जाएगा जब तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा हो जाएगी।

बोर्ड के सामने राज्य चुनावों के साथ-साथ पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का भी प्रभाव है। इस तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा प्रभावित हुई है और प्रमुख ट्रांजिट हवाई अड्डों जैसे दोहा और दुबई में संचालन पर प्रतिबंधों से कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

इसी वजह से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के कुछ खिलाड़ी टी20 विश्व कप समाप्त होने के एक सप्ताह बाद भी अपने देश नहीं लौट पाए हैं। अब यह देखना बाकी है कि इन देशों के खिलाड़ी समय पर आईपीएल टीमों से जुड़ पाते हैं या नहीं।

एक टीम अधिकारी ने बताया कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों की यात्रा में काफी देरी हुई है और उन्हें समय पर भारत लाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसके अलावा पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति के कारण हवाई किराए भी काफी बढ़ गए हैं।

टूर्नामेंट के पहले सप्ताहांत में दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सप्ताह कोई ‘डबल हेडर’ (एक दिन में दो मैच) नहीं होगा।

बीसीसीआई के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सत्र में बेंगलुरु में पांच और रायपुर में दो घरेलू मैच खेलेगी। वहीं पंजाब किंग्स चार मैच न्यू चंडीगढ़ में और तीन मैच धर्मशाला में खेलेगी, जबकि राजस्थान रॉयल्स तीन मैच गुवाहाटी और चार मैच जयपुर में खेलेगी।

पहले 16 दिनों के दौरान टूर्नामेंट में कुल चार ‘डबल हेडर’ होंगे। दोपहर के मुकाबले भारतीय समयानुसार 3:30 बजे और शाम के मैच 7:30 बजे शुरू होंगे। शनिवार को उद्घाटन मैच के बाद रविवार को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *