सहफसली खेती बना रही मिसाल, जेपीएस राठौर ने शाहजहांपुर में किसान के नवाचारों की सराहना की

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने जनपद के प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा के फार्म का दौरा कर सहफसली खेती के नवाचारों का अवलोकन किया। कांट थाना क्षेत्र के ग्राम गंगानगर स्थित फार्म पर उन्होंने एक ही खेत में आलू, मटर और चना की एक साथ की जा रही खेती को सराहते हुए इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक बताया।

दौरे के दौरान किसान कौशल मिश्रा ने मंत्री को जानकारी दी कि विशेष तकनीक के माध्यम से एक ही खेत में तीन फसलें सफलतापूर्वक तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में काला आलू की खेती की जा रही है। इससे पहले वे काली भिंडी की खेती कर चुके हैं, जिसके लिए उन्हें राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

किसान ने बताया कि नई प्रजातियों और सहफसली मॉडल पर किए गए प्रयोगों के कारण उन्हें जापान और न्यूजीलैंड में भी सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके फार्म हाउस में लगभग 200 बीघा क्षेत्र में 20 फीट ऊंचा गन्ना भी तैयार है, जो उन्नत कृषि तकनीकों का परिणाम है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि नवाचार आधारित खेती से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि संभव है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने और वैज्ञानिक पद्धतियों पर आधारित खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अरुण सागर, अरविंद कुमार सिंह, सुधीर गुप्ता, शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *