कनेक्टिविटी बढ़ने से विकास की संभावनाओं को मिलती है नई गति : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

जयपुर, 7 मार्च : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कनेक्टिविटी बढ़ने से विकास की संभावनाओं में नई तेजी आती है और जब केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर काम करती हैं तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है।

प्रधानमंत्री ने कोटा के नए हवाई अड्डे के शिलान्यास समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, “जब कनेक्टिविटी बढ़ती है तो विकास की संभावनाओं में भी नई गति आती है। बीते 11 वर्षों में देश के विभिन्न हिस्सों में बने नए हवाई अड्डों ने विकास को नई रफ्तार दी है।”

मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश में करीब 70 हवाई अड्डे थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। इन नए हवाई अड्डों से हवाई यात्रा आसान हुई है, पर्यटन को बढ़ावा मिला है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं और क्षेत्रीय विकास को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर काम करती हैं, नीयत साफ होती है और संकल्प मजबूत होता है, तब विकास कई गुना तेजी से आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भी इसी तरह विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और विकसित राजस्थान की मजबूत नींव विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती दे रही है।

इस अवसर पर ओम बिरला, भजनलाल शर्मा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बूंदी जिले के शंभूपुरा में कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नवंबर 2023 में कोटा दौरे के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि कोटा का हवाई अड्डा केवल सपना बनकर नहीं रहेगा, बल्कि इसे साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है जब इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।

मोदी ने कहा कि यह दिन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई आशा और उपलब्धि का दिन है।

प्रधानमंत्री ने पिछले सप्ताह राजस्थान के अपने दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि अजमेर से राज्य के विकास से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया था। उसी कार्यक्रम में राजस्थान के 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए गए थे।

उन्होंने कहा कि एक ही सप्ताह में राजस्थान में विकास से जुड़े दो बड़े कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अवसंरचना, रोजगार, किसानों तथा महिलाओं के लिए योजनाओं सहित हर क्षेत्र में राजस्थान में तेजी से काम हो रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *