राजधानी में डिप्टी सीएम सहित बूथ स्तर तक सुनी गई ‘मन की बात’

लखनऊ, 29 मार्च 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 132वां संस्करण रविवार को राजधानी लखनऊ में बूथ स्तर तक सुना गया। कैंट विधानसभा से लेकर बीकेटी क्षेत्र तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का श्रवण किया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे देशवासियों में सकारात्मक ऊर्जा भरने वाला कार्यक्रम बताया और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मानसिक दिवालिएपन का शिकार हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में गुंडाराज, माफियाराज और लूट का माहौल रहा, जिसे जनता अब पूरी तरह नकार चुकी है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों में साहस और आत्मविश्वास का संचार किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में सकारात्मक माहौल बना है और देश हर चुनौती से उबरने की क्षमता रखता है।

कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कैंट मंडल-01 के बूथ संख्या 162 पर भी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, पार्षद ऋचा मिश्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘मन की बात’ का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद नहीं, बल्कि जनहित और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल है।

वहीं प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के चिनहट ग्रामीण मंडल के बूथ संख्या 452 पर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश को जोड़ने और नई ऊर्जा देने का माध्यम बन चुका है, जो हर वर्ग को प्रेरित करता है।

कार्यक्रम के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ज्ञान भारतम ऐप’, रणजी ट्रॉफी और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सौर ऊर्जा को हर घर तक पहुंचाने और खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *