चतुर्थ सुनीता वर्मा मेमोरियल ओपन शतरंज टूर्नामेंट में शानदार खेल के दम पर संयम बने चैंपियन, शिवांगी सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी

चतुर्थ सुनीता वर्मा मेमोरियल ओपन शतरंज टूर्नामेंट के विजेताओं के साथ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं अवध आईटीआई की प्राचार्य अग्नि शिखा वर्मा।

लखनऊ, 19 जनवरी 2026। लखनऊ के 16 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी संयम श्रीवास्तव ने चतुर्थ सुनीता वर्मा मेमोरियल ओपन शतरंज टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.5 अंकों के साथ विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। संयम ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित और आक्रामक खेल का परिचय दिया।

चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट (सीसीबीडब्लू–लखनऊ) की ओर से शहर के एक निजी होटल में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम राउंड में सीएमएस गोमती नगर कैंपस-1 के संयम श्रीवास्तव ने राज्य कर कार्यालय के पवन बाथम के साथ ड्रॉ खेला। पवन बाथम ने 5.5 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

वरिष्ठ नागरिक वर्ग में मोहम्मद इरफान विजेता रहे। उन्होंने रेटेड खिलाड़ियों के खिलाफ तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की और उच्च रेटिंग वाले के.के. खरे के साथ ड्रॉ खेलकर सराहनीय प्रदर्शन किया।

जूनियर वर्ग में कानपुर के ईशान वाल ने 6 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सेंट फ्रांसिस के आराध्या अग्रवाल 5.5 अंकों के साथ उपविजेता रहे। जूनियर वर्ग में स्टार खिलाड़ी के रूप में दक्ष मलिक उभरे, जिन्होंने शारीरिक बाध्यताओं के बावजूद खेलते हुए 5 अंक अर्जित कर सभी के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

महिला वर्ग में करामत हुसैन गर्ल्स कॉलेज की शिवांगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब जीता। अंडर-12 आयु वर्ग में एसआर ग्लोबल के कुंवर प्रणव सिंह और डीपीएस एल्डिको के अद्विक शुक्ला संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहे।

इसके अतिरिक्त, डीपीएस जानकीपुरम की सुचित्रा टंडन और डीपीएस एल्डिको के वेदांत मिश्रा ने 4.5–4.5 अंक प्राप्त कर क्रमशः अनरेटेड और अंडर-16 रेटेड वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।

टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं अवध आईटीआई की प्राचार्य अग्नि शिखा वर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *