“मैं बस घर जाना चाहता हूं”, भारत में फंसी वेस्टइंडीज टीम के कोच डेरेन सैमी की नाराजगी

कोलकाता, 5 मार्च । वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि वह बस अपने घर लौटना चाहते हैं। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र पर लगी पाबंदियों के कारण कैरेबियाई टीम पिछले चार दिनों से अधिक समय से कोलकाता में फंसी हुई है।

टीम रविवार को टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में भारत से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम को स्वदेश लौटना था, लेकिन खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में वायु क्षेत्र बंद होने के कारण उनकी वापसी में देरी हो रही है।

सैमी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं बस घर जाना चाहता हूं।” चार घंटे बाद उन्होंने एक और पोस्ट कर अपनी यात्रा योजनाओं को लेकर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की। उन्होंने लिखा, “कम से कम एक अपडेट तो दो। हमें कुछ तो बताओ—आज, कल या अगले हफ्ते। पांच दिन हो गए हैं।”

मौजूदा स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वेस्टइंडीज के कई खिलाड़ी फिलहाल भारत में ही रुक सकते हैं, क्योंकि उनकी इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी जल्द ही अपने तैयारी शिविर शुरू करने वाली हैं।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रोवमैन पावेल कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं, जिसका प्रशिक्षण शिविर 18 मार्च से शुरू होगा। वहीं शेरफेन रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं। शिमरोन हेटमायर राजस्थान रॉयल्स के सदस्य हैं जबकि रोमारियो शेफर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़े हुए हैं।

इस मामले पर बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने बताया कि पूरी स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) नजर रखे हुए है। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल वेस्टइंडीज टीम की वापसी को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं है, लेकिन टीम अब भी कोलकाता में ही है और चार्टर्ड विमान की व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है।

इससे पहले क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बयान जारी कर कहा था कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आईसीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। बोर्ड ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई के कारण पैदा हुए सुरक्षा खतरों के चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिसके कारण टीम की वापसी में देरी हो रही है।

इसी बीच भारत में फंसे जिम्बाब्वे के खिलाड़ी आईसीसी द्वारा इथियोपिया के आदिस अबाबा के रास्ते उड़ान की व्यवस्था किए जाने के बाद समूहों में अपने देश लौटना शुरू कर चुके हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *