कृष्ण के आखिरी पेनाल्टी गोल से गोरखपुर राउडीज़ फाइनल में, मथुरा ब्रज स्टार से होगी खिताबी भिड़ंत

लखनऊ, 13 अप्रैल 2026। ‘टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जब गोरखपुर राउडीज़ ने अंतिम क्षणों में शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं मथुरा ब्रज स्टार ने भी जीत के साथ खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच मंगलवार को शाम चार बजे फाइनल खेला जाएगा।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए मुकाबले में गोरखपुर राउडीज़ ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-26 से हराया। मैच बेहद रोमांचक रहा और अंतिम एक मिनट तक दोनों टीमें 26-26 की बराबरी पर थीं।

कृष्ण बने जीत के हीरो
मैच के आखिरी 25 सेकेंड में गोरखपुर को पेनाल्टी मिली, जिसे कृष्ण ने शानदार गोल में बदलते हुए टीम को जीत दिला दी। टीम की ओर से मोहम्मद शूजा ने 7 गोल, सुनील ने 6, दीपक ने 5 और पवन ने 4 गोल किए। गोलकीपर विवेक पाण्डेय ने भी कई शानदार बचाव कर जीत में अहम भूमिका निभाई।

नोएडा ब्लास्टर्स की ओर से मनकेश ने 7 गोल, जबकि मिंटू, तविया और तौसीफ ने 5-5 गोल किए, लेकिन टीम जीत से चूक गई।

मथुरा ब्रज स्टार की दमदार एंट्री
दूसरे मुकाबले में मथुरा ब्रज स्टार ने काशी किंग्स को 31-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दोनों टीमों के तीन-तीन जीत होने के बावजूद बेहतर गोल औसत के आधार पर मथुरा को फायदा मिला।

मथुरा की ओर से रवि ने 9 गोल कर शानदार प्रदर्शन किया और ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ बने। निहाल ने 7, रोहिताश ने 6 और पंकज ने 5 गोल किए। काशी किंग्स की ओर से विमलेश और मोहित ने 4-4 गोल किए।

बर्बरीक वारियर्स की जीत
दिन के अंतिम मैच में बर्बरीक वारियर्स ने गाजियाबाद पैंथर्स को 22-19 से हराया। मनीष ने 8 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया, जबकि सौरभ को ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ चुना गया।

अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
मैचों के दौरान मुख्य अतिथि असीम अरुण ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और फाइनल में पहुंची टीमों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ऐश्वर्या राज सिंह, इति राज और विनोद मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फाइनल मुकाबला (14 अप्रैल):

  • गोरखपुर राउडीज़ बनाम मथुरा ब्रज स्टार — शाम 4:00 बजे

अब सभी की नजरें इस रोमांचक फाइनल पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए पूरा दमखम दिखाएंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *