यूपी के कई जिलों की लड़कियों को फंसाकर कैफे में कराया जाता था धर्मांतरण, शोषण का आरोप;  एफआईआर दर्ज

लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर स्थित विकासखंड-5 में संचालित ‘ब्राउन गर्ल्स कैफे’ को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी और ‘दहेज पर प्रहार सोशल ट्रस्ट’ की प्रबंधक ने दावा किया है कि यहां मुस्लिम युवक अपना नाम और धर्म छिपाकर अन्य जिलों से आई हिंदू लड़कियों को पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाते थे, फिर उनका कथित रूप से धर्मांतरण कराते और शोषण करते थे। मामले में एक पीड़िता की तहरीर पर गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जबकि अन्य संभावित पीड़िताओं से भी बातचीत की जा रही है।

नौकरी के बहाने फंसाने का आरोप

बाराबंकी थाना दरियाबाद क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि बाराबंकी शहर निवासी दो सगे भाई—कमर हयात इदरीसी और जफर हयात इदरीसी—एक युवती के साथ मिलकर गोमतीनगर के विकासखंड-5 में ‘ब्राउन गर्ल्स कैफे’ नाम से हुक्का बार संचालित करते हैं। पीड़िता के अनुसार, कमरू जमाल (निवासी किशनगंज, बिहार) और उसका भाई आमिर खान भी यहां संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे।

आरोप है कि ये लोग हिंदू नामों का इस्तेमाल कर अन्य जिलों और राज्यों से लड़कियों को नौकरी का लालच देकर बुलाते थे। उन्हें जेंट्स मसाज सेंटर में काम दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर आपत्तिजनक हालत में वीडियो बनाए जाते और फिर ब्लैकमेल कर देह व्यापार में धकेला जाता था।

अमेठी की युवती ने लगाया गैंगरेप का आरोप

अमेठी की रहने वाली एक युवती ने भी आरोप लगाया है कि वह चिनहट क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए आरोपियों ने पहले अपना नाम ‘राहुल’ बताया और नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। बाद में धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर नशे की हालत में बनाए गए कथित वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ गैंगरेप कराया गया।

मजार ले जाने और अन्य राज्यों में भेजने का आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि धर्म परिवर्तन कराने के बाद लड़कियों को मजारों पर ले जाया जाता था और उन्हें अन्य राज्यों में भेजकर गलत कार्य कराए जाते थे। एनजीओ की प्रबंधक के अनुसार, 13 जनवरी को कैफे में एक युवती को फ्लाइट से लाए जाने की जानकारी मिली थी। 14 जनवरी को सोशल मीडिया के जरिए कुछ लड़कियों को जम्मू-कश्मीर भेजे जाने की सूचना भी मिली।

छांगुर बाबा और विदेशी फंडिंग का आरोप

एनजीओ की ओर से आरोप लगाया गया है कि यह पूरा नेटवर्क ‘छांगुर बाबा’ के इशारे पर चल रहा था और इसके लिए विदेशी एजेंसियों से फंडिंग होती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। संगठन ने कैफे के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेने की मांग की है।

कैफे से आपत्तिजनक सामान मिलने का दावा

हिंदू महासभा के पदाधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में कैफे में छापे के दौरान परिसर से शराब की बोतलें, कथित मादक पदार्थ, इंजेक्शन और एक लैपटॉप मिलने का दावा किया गया है। आरोप है कि लैपटॉप में कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो हो सकते हैं। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के लिए कब्जे में लिया है।

22 से अधिक लड़कियों के चिन्हित होने का दावा

शिशिर चतुर्वेदी का कहना है कि अब तक 22 से अधिक लड़कियों को चिन्हित किया गया है, जो कथित रूप से इस नेटवर्क के संपर्क में थीं। उनका आरोप है कि लड़कियों को मसाज के नाम पर सेक्स रैकेट में धकेला जा रहा था।

पुलिस जांच जारी

मकान स्वामी की संभावित संलिप्तता पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि आवासीय भवन में कैफे संचालित हो रहा था और किरायेदारों का सत्यापन भी नहीं कराया गया। इस पर एसीपी गोमतीनगर बृज नारायण सिंह ने कहा,
“प्रकरण में एक एफआईआर दर्ज हुई है। अन्य पीड़िताओं से बातचीत की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मकान स्वामी या अन्य की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी जांच के बाद कार्रवाई होगी।”

प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले के सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है। कैफे में शराब परोसने और अन्य अवैध गतिविधियों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पीड़िताओं के बयान के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *