गौतम अदाणी ने अयोध्या में परिवार के साथ राम मंदिर में पूजा-अर्चना की

अयोध्या (उप्र), 2 अप्रैल, RNN। गौतम अदाणी ने बृहस्पतिवार को हनुमान जयंती के अवसर पर अपने परिवार के साथ राम मंदिर में भगवान राम की पूजा-अर्चना की।

गौतम अदाणी के साथ उनकी पत्नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी भी मौजूद थे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार अदाणी परिवार ने मंदिर में पवित्र अनुष्ठानों में भाग लिया और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज अयोध्या में हमें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। श्रीराम का जीवन मर्यादा, करुणा और कर्तव्य का प्रतीक है, जो हमें धर्म और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”

उन्होंने कहा कि हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इस पवित्र भूमि पर परिवार सहित आना उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और विशेष अनुभव रहा।

गुरुकुल का दौरा, एआई प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा

राम मंदिर दर्शन के बाद गौतम अदाणी ने मंदिर से लगभग 10 मिनट की दूरी पर स्थित श्री निशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय का दौरा किया। इस गुरुकुल की स्थापना वर्ष 1935 में स्वामी त्यागानंद जी ने की थी और यह संस्था आर्य समाज की परंपरा पर आधारित वैदिक शिक्षा, समाज सुधार और सर्वशिक्षा पर जोर देती है।

गुरुकुल में विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “जब शिक्षा मूल्यों पर आधारित होती है, तो यह केवल व्यक्तियों को आकार नहीं देती, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को भी दिशा देती है।”

उन्होंने यह भी कहा कि तेजी से विकसित हो रही कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के दौर में भारत की ज्ञान परंपराओं को संरक्षित और मजबूत करना जरूरी है।

इसी क्रम में अदाणी समूह की सामाजिक सेवा शाखा अदाणी फाउंडेशन ने गुरुकुल का समर्थन करने और यहां एक कृत्रिम मेधा आधारित प्रयोगशाला स्थापित करने में सहयोग देने की घोषणा की।

इस गुरुकुल में लगभग 200 विद्यार्थी नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त करते हैं और परिसर में 50 से 60 गायों की एक गौशाला भी संचालित होती है। गुरुकुल का ऐतिहासिक महत्व भी रहा है, जहां अतीत में महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान नेता भी आ चुके हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *