प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहने से चार श्रमिकों की मौत, 12 घायल; राहत-बचाव कार्य जारी

प्रयागराज, 23 मार्च। गंगा नगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज के अचानक ढह जाने से चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य श्रमिक घायल हो गये। हादसे के बाद अमोनिया गैस के रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। 🚨

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच मिली, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर लोगों की तलाश शुरू कराई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-गंगा नगर) कुलदीप गुनावत के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज ढहने के बाद अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। अग्निशमन विभाग की टीम गैस रिसाव को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हुई है। राहत कार्य में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार लगी हुई हैं।

घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

प्रशासन ने आशंका जताई है कि मलबे में अभी कुछ और लोगों के फंसे होने की संभावना है, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *