पांचवीं राष्ट्रीय फिन स्वीमिंग चैंपियनशिप: उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी परचम लहराने को तैयार


केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित समारोह में यूपी टीम को दी गई विदाई

लखनऊ, 16 दिसंबर 2025। उत्तर प्रदेश की फिन स्वीमिंग टीम एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन के इरादे से पूरी तरह तैयार है। पांचवीं राष्ट्रीय फिन स्वीमिंग चैंपियनशिप–2025 में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश की 27 सदस्यीय टीम (20 पुरुष और सात महिला खिलाड़ी) मंगलवार रात मंगलौर (कर्नाटक) के लिए रवाना होगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 19 से 22 दिसंबर 2025 तक मंगलौर के इंटरनेशनल स्वीमिंग पूल में आयोजित की जाएगी।

टीम की रवानगी से पहले केडी सिंह बाबू स्टेडियम में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की गई। समारोह के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

उत्तर प्रदेश अंडरवाटर स्पोर्ट्स व फिन स्वीमिंग एसोसिएशन के महासचिव नरेंद्र सिंह चौहान ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि यूपी के खिलाड़ी लखनऊ, वाराणसी, आगरा, सैफई और गोरखपुर जैसे विभिन्न जिलों से चयनित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार राष्ट्रीय फिन स्वीमिंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 42 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है और इस बार भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, जो उत्तर प्रदेश अंडरवाटर स्पोर्ट्स व फिन स्वीमिंग एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक भी हैं, ने अपने संदेश में कहा कि पिछली चैंपियनशिप में टीम का प्रदर्शन प्रेरणादायक रहा था। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर यूपी टीम पदकों की झड़ी लगाएगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ने भी टीम को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विदाई समारोह में एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष रचना सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी विनय बोस, सतीश यादव, रामदेव यादव, संजय सिंह, प्रतीक सिंह, खेल प्रमोटर असित सिंह, डॉ. सुधा बाजपेयी, देवेंद्र कौशल सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उत्तर प्रदेश की टीम मंगलवार रात मंगलम एक्सप्रेस से मंगलौर के लिए रवाना होगी।

उत्तर प्रदेश की चयनित फिन स्वीमिंग टीम

पुरुष खिलाड़ी:
धीरेन्द्र यादव, मार्कंडेय यादव, अक्षत साईं गुप्ता, आरव सोनकर, अंश प्रताप सिंह, संजय गुप्ता, आदित्य शुक्ला, आदर्श गुप्ता, आयुष चौहान, अभिषेक चौहान, अविनाश निषाद, राज यादव, आदित्य सैनी, विराट चौहान, आरव यादव, सत्यम सैनी, अमर अवस्थी, हिमांशु साहनी, रामकृष्णा और अभिषेक कुमार।
कोच: प्रवीण कुमार राय
मैनेजर: अभिषेक कुमार पाण्डेय

महिला खिलाड़ी:
आर्तिका श्रीवास्तव, वंदना साहनी, गायत्री, रूद्राक्षी राठौर, कुमकुम गुप्ता, प्रशस्ति राठौर और श्वेता साहनी।
कोच: प्रवीण कुमार राय
मैनेजर: श्रीमती सुनैना सोनकर

प्रदेश के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि यूपी की यह टीम एक बार फिर राष्ट्रीय फिन स्वीमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *