कोलंबो। निचले क्रम के बल्लेबाज फहीम अशरफ की 11 गेंदों में खेली गई विस्फोटक 29 रन की पारी की बदौलत पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में शनिवार को नीदरलैंड को तीन विकेट से पराजित किया। रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने लक्ष्य को तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की और 10 ओवर में दो विकेट पर 90 रन बना लिए। हालांकि इसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 16.1 ओवर में स्कोर सात विकेट पर 114 रन हो गया। उस समय जीत के लिए 34 रन की जरूरत थी और मैच नीदरलैंड के पक्ष में झुकता दिख रहा था।
आखिरी दो ओवर में पाकिस्तान को 29 रन चाहिए थे। ऐसे नाजुक मौके पर फहीम अशरफ ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 19वें ओवर में लोगान वान बीक की गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका जड़ा। आखिरी ओवर में चौका लगाकर अशरफ ने पाकिस्तान को तीन गेंद शेष रहते जीत दिला दी। इससे पहले 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर जब अशरफ सात रन पर थे, तब ओ’डाउड ने उनका कैच छोड़ दिया, जो नीदरलैंड को भारी पड़ा।
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 31 गेंदों में सर्वाधिक 47 रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज सईम अयूब ने 13 गेंदों में 24 रन जोड़े। कप्तान बाबर आजम 18 गेंदों में 15 रन ही बना सके। पॉल वान मीकेरेन ने फरहान और उस्मान खान (0) को आउट कर पाकिस्तान को दबाव में ला दिया था।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड की टीम ने पावरप्ले में दो विकेट पर 50 रन बनाए। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (29 गेंदों में 37 रन) और बास डी लीडे (25 गेंदों में 30 रन) के बीच चौथे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी हुई, जिससे टीम एक समय 150 के पार जाती दिख रही थी। नीदरलैंड ने 12.1 ओवर में तीन विकेट पर 100 रन भी पूरे कर लिए थे।
हालांकि इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। 12.3 ओवर में तीन विकेट पर 105 रन से स्कोर 16.4 ओवर में सात विकेट पर 129 रन हो गया। पूरी टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा ने 24 रन देकर तीन विकेट झटके। मोहम्मद नवाज और अबरार अहमद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सईम अयूब ने सात रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
टी20 विश्व कप से पहले मैदान के बाहर की चर्चाओं ने पाकिस्तान की तैयारियों को प्रभावित किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला नहीं खेलने का फैसला किया है।
कुल मिलाकर फहीम अशरफ की साहसिक पारी ने पाकिस्तान को संकट से निकालते हुए टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत दिलाई।
