हर व्यक्ति की समस्या का हर संभव होगा समाधान: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 16 मार्च, RNN। केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में आए फरियादियों को भरोसा दिलाया कि हर व्यक्ति की समस्या का हर संभव समाधान किया जाएगा और किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने अपने कैम्प कार्यालय 7 कालीदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत का त्वरित व संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। विशेष रूप से उत्पीड़न और भूमि पर अवैध कब्जे जैसे मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निपटाया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाए।

जनसुनवाई के दौरान उपमुख्यमंत्री ने एक-एक व्यक्ति की समस्या ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण इस तरह किया जाए कि पीड़ित व्यक्ति को दोबारा भटकना न पड़े और बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कार्यक्रम में महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए अधिकारियों को उनके मामलों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए।

जनता दर्शन में भूमि विवाद, दुर्घटनाओं से जुड़े मामले, अवैध कब्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, अतिक्रमण हटाने, सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और उत्पीड़न से संबंधित कई शिकायतें विभिन्न जिलों से आए लोगों ने रखीं।

उपमुख्यमंत्री फरियादियों के पास स्वयं जाकर उनसे सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनते रहे। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।

समस्याओं के निस्तारण के लिए मौर्य ने बुलंदशहर, मिर्जापुर, अंबेडकरनगर, शामली, प्रतापगढ़ और फर्रुखाबाद के जिलाधिकारियों तथा संभल, चित्रकूट, ललितपुर, बदायूं, शामली, रायबरेली और बहराइच के पुलिस अधीक्षकों सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *