इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और LSJA ने जीत के साथ किया एलएमपीएल 2025 का आगाज़

SBI कप लखनऊ मीडिया प्रीमियर लीग (एलएमपीएल) 2025 की दमदार शुरुआत

लखनऊ, 13 दिसंबर 2025। एसबीआई कप लखनऊ मीडिया प्रीमियर लीग (एलएमपीएल) 2025 की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश और लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (LSJA ) एकादश ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर विजयी अभियान की शुरुआत की। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मैच में पिछली विजेता इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश ने हिंदुस्तान टाइम्स को 6 विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में LSJA एकादश ने मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश को 75 रन के बड़े अंतर से मात दी।

लीग का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के उपाध्यक्ष पीयूष सिंह चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर एलएसजेए के सचिव एसएम अरशद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, आयोजक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

पहले मुकाबले में हिंदुस्तान टाइम्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अंशुल कुमार ने सर्वाधिक 37 रन की पारी खेली, जबकि जुहैब और दीपक गुप्ता ने 18-18 रन का योगदान दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश की ओर से कप्तान मयूर शुक्ला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश की शुरुआत लड़खड़ाई और टीम ने 26 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान मयूर शुक्ला ने जिम्मेदारी संभालते हुए 48 गेंदों में 1 छक्के की मदद से 49 रन की संयमित और मैच जिताऊ पारी खेली। असीम तल्हा ने भी 34 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। टीम ने 18.3 ओवर में 4 विकेट पर 125 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। हिंदुस्तान टाइम्स की ओर से अमित श्रीवास्तव ने 2 विकेट लिए। मयूर शुक्ला को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री व पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहसिन रजा और ‘आज’ समाचार पत्र के संपादक हरिंदर सिंह साहनी ने प्रदान किया।

दूसरे मुकाबले में LSJA एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 118 रन बनाए। टीम की ओर से विमल पाण्डेय ने 23, हिमांशु दीक्षित ने 16, एसएम अरशद ने 14, नदीम सिद्दीकी ने 13 और विक्रम श्रीवास्तव ने 12 रन जोड़े। मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की ओर से दिनेश त्रिपाठी ने 4 और अंकित भारती ने 3 विकेट चटकाए।

जवाब में मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश LSJA के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 10.4 ओवर में 43 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज विद्या सागर 12 रन बनाकर दहाई का आंकड़ा छू सके। LSJA की ओर से नदीम खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि शोएब गाजी ने 2 विकेट चटकाए। शानदार प्रदर्शन के लिए नदीम खान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पाण्डेय और एलएसजेए के संस्थापक सदस्य दिव्य नौटियाल ने प्रदान किया।

इस लीग का मुख्य प्रायोजन भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और योनो एसबीआई कर रहे हैं, जबकि कैवेल्य कम्युनिकेशंस सह-आयोजक है। रविवार, 14 दिसंबर को लीग के तहत तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *