लखनऊ, RNN। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने गुरुवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ‘एलएसजी नेक्स्ट-जेन डे’ का आयोजन कर क्रिकेट प्रेमियों, खासकर बच्चों को यादगार अनुभव दिया। कार्यक्रम में करीब 10 हजार से अधिक बच्चों ने एलएसजी की जर्सी पहनकर अपने पसंदीदा क्रिकेट सितारों को करीब से देखा और उनसे जुड़ने का अवसर प्राप्त किया।
दोपहर करीब दो बजे विभिन्न स्कूलों से आए बच्चे बसों के माध्यम से इकाना स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम में प्रवेश करते ही मैच-डे डीजे के लाइव म्यूजिक ने माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। बच्चों के हाथों में बैनर, झंडे और ढोल की थाप के बीच पूरे स्टेडियम में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
शाम करीब 4:30 बजे लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम स्टेडियम पहुंची, जहां स्टैंड्स में मौजूद हजारों बच्चों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। खिलाड़ियों ने स्टैंड्स के चारों ओर घूमकर बच्चों का अभिवादन किया और अपने हस्ताक्षर की हुई टेनिस बॉल्स दर्शकों की ओर उछालकर उन्हें यादगार पल दिया। इस दौरान एंकरों ने खिलाड़ियों और बच्चों के बीच संवाद कराकर माहौल को और भी रोचक बना दिया।

इसके बाद टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने बच्चों को संबोधित करते हुए खेल, अनुशासन और मेहनत के महत्व पर प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े संख्या में बच्चों को स्टेडियम में देखकर खिलाड़ियों को नई ऊर्जा मिलती है और यह क्रिकेट के प्रति उनके उत्साह को बढ़ाता है।
कार्यक्रम के अगले चरण में मैदान को खाली कराया गया और खिलाड़ियों के बीच छह गेंदों की रोमांचक ‘हू हिट्स द मोस्ट सिक्सेस’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में एडन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, हिम्मत सिंह और अब्दुल समद समेत सभी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी दमदार बल्लेबाजी से बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का समापन शाम 5:30 बजे हुआ, जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित तरीके से स्टेडियम से रवाना किया गया और टीम ने अपने अभ्यास सत्र की तैयारी शुरू की। आयोजन में लोकप्रिय क्रिकेट इन्फ्लुएंसर तनय तिवारी की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
