डॉ. राजेश्वर सिंह ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर पत्रकारों के लिए पेंशन और सुरक्षा योजना की मांग की

लखनऊ, 09 जनवरी । सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को पत्र लिखकर राज्य एवं जिला स्तर के मान्यता प्राप्त पत्रकारों की पेंशन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी लाभ आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में शामिल करने का आग्रह किया है।

डॉ. सिंह ने पत्र में बताया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में सरकार की नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने का जिम्मा निभाते हैं, बावजूद इसके उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की कमी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान राज्य की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, आकस्मिक सहायता, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कवरेज, निधन पर अनुग्रह राशि और पत्रकार सुरक्षा नीति जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि देश के कई राज्यों में ऐसी व्यवस्थाएँ पहले से लागू हैं और उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू किया जाना चाहिए।

विधायक ने आग्रह किया कि कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से पत्रकारिता सेवाओं को देखते हुए, अन्य भाजपा शासित राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में सुनिश्चित की जाए।

गौरतलब है कि डॉ. राजेश्वर सिंह के सतत प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकार कल्याण कोष के अंतर्गत ₹80.31 लाख की राशि स्वीकृत कराई थी। इससे प्रदेश के पत्रकारों को आर्थिक सुरक्षा और स्थायित्व प्राप्त हुआ है।

डॉ. सिंह ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान और उनकी सुरक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है और राज्य सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *