न्यूयॉर्क मेयर के उमर खालिद समर्थन पत्र पर भड़के डॉ. राजेश्वर सिंह, बोले—भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप अस्वीकार्य

लखनऊ। सरोजनीनगर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी द्वारा 2020 दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद के समर्थन में लिखे गए पत्र को लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने इसे भारत के आंतरिक मामलों में अनुचित हस्तक्षेप बताते हुए भारत की संप्रभुता और न्यायिक प्रक्रिया के सम्मान की मांग की है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने सोशल मीडिया संदेश में स्पष्ट शब्दों में कहा कि न्यूयॉर्क सिटी के मेयर को अपने शहर के प्रशासन तक ही सीमित रहना चाहिए और भारत के संवेदनशील आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि उमर खालिद पर 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश रचने के गंभीर आरोप हैं और यह मामला भारत की स्वतंत्र न्यायिक व्यवस्था के अधीन विचाराधीन है। ऐसे में किसी विदेशी जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक रूप से समर्थन पत्र जारी करना न केवल अनुचित है, बल्कि भारत की संप्रभुता पर सवाल खड़ा करता है।

भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि जोहरान ममदानी द्वारा अल-कायदा से जुड़े कैदियों का बचाव करने वाले वकील रामजी कासेम की नियुक्ति एक खतरनाक वैचारिक झुकाव को दर्शाती है। उनके अनुसार, यह कदम न्याय के सिद्धांतों के बजाय राजनीतिक दिखावे और वैचारिक पक्षपात को उजागर करता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक राष्ट्र है, जहां कानून का शासन है और न्यायिक प्रक्रिया स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से कार्य करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी विदेशी नेता को भारत की कानूनी प्रक्रिया पर टिप्पणी करने या दबाव बनाने का अधिकार नहीं है।

अंत में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय नेताओं से अपील की कि वे भारत की संप्रभुता, न्यायिक स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करें तथा आपसी संबंधों को राजनीतिक बयानबाजी से नुकसान न पहुंचाएं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *