डॉ. राजेश्वर सिंह ने की कौशल किशोर के नशा मुक्ति अभियान की सराहना, कहा— जनजागरूकता समय की मांग

लखनऊ। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का 66वां जन्मदिन रविवार को “नशा मुक्त कौशल दिवस” के रूप में उत्साह और सामाजिक संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हरदोई रोड स्थित मलिहाबाद के भतोइया क्षेत्र में आरएम लॉन में भव्य जन्मदिन समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहभागिता करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और वर्षों से उनके द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना की। डॉ. सिंह ने कहा कि नशा मुक्ति केवल एक सामाजिक पहल नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भारत की नींव है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने नशे से जुड़े गंभीर और चौंकाने वाले आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि भारत में लगभग 16 करोड़ लोग शराब का सेवन करते हैं, जो कुल जनसंख्या का करीब 14.6 प्रतिशत है। इनमें से 5 से 6 करोड़ लोग शराब की लत से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि देश में 3.1 करोड़ से अधिक लोग गांजा का सेवन करते हैं, जिनमें से करीब 72 लाख लोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहीं, अफीम, हेरोइन और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लगभग 60 लाख लोगों को उपचार की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त, करीब 1.18 करोड़ लोग नींद की गोलियों और सेडेटिव ड्रग्स के दुरुपयोग के शिकार हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ एक व्यापक सामाजिक आंदोलन खड़ा करना आवश्यक है और इस दिशा में कौशल किशोर का योगदान प्रेरणादायी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर सकारात्मक, रचनात्मक और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों में सहभागी बनें।

कार्यक्रम में मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी, विनय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, शिशिर यादव, विकास किशोर, अमरेन्द्र कुमार अंकुर, राम कुमार राही, मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी, विनय प्रताप सिंह, सुनील रावत, लवकुश रावत, सोनू माली, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, अंजू सिंह, योगेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कवि सम्मेलन के माध्यम से भी नशा मुक्ति और सामाजिक चेतना का संदेश दिया गया। समग्र रूप से यह आयोजन जन्मदिन के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी मंच साबित हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *