आशियाना गुरुद्वारे में गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस कार्यक्रम: विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और आरएसएस प्रचारक कौशल जी रहे मौजूद

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को आशियाना गुरुद्वारे में आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम एवं नगर कीर्तन में सहभागिता की

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को आशियाना गुरुद्वारे में आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम एवं नगर कीर्तन में सहभागिता की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय साहस, त्याग और मानवता-प्रधान आदर्शों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरु तेग बहादुर जी को महान एवं निर्भीक योद्धा बताते हुए कहा कि उनका अमर बलिदान किसी एक पंथ तक सीमित नहीं था, बल्कि समूची मानवता की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए था। उन्होंने कहा कि औरंगजेब के शासनकाल में जब धर्म और आस्था पर पहरा लगाया जा रहा था, तब गुरु तेग बहादुर जी ने अपने शीश का बलिदान देकर अंतःकरण की स्वतंत्रता का अधिकार सुरक्षित किया। यही विचार आज भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 में प्रतिबिंबित होता है। यह बलिदान धर्म, न्याय और राष्ट्रबोध की सर्वोच्च मिसाल है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सिख समाज से किए गए अपने वादों का उल्लेख करते हुए बताया कि सरोजनीनगर से ‘अमृतसर–करतारपुर साहिब दर्शन यात्रा’ का सफल संचालन कर 41 सिख श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी की पावन भूमि के दर्शन कराए जा चुके हैं। साथ ही विधायक निधि से आशियाना क्षेत्र में भव्य गुरु नानक द्वार का निर्माण कराया गया है, जो सिख विरासत और आस्था के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा कि सभी सिख गुरुओं के बलिदान, सेवा और मानवता-केंद्रित आदर्शों से भावी पीढ़ी प्रेरणा ले, इसी उद्देश्य से सरोजनीनगर में भव्य और ऐतिहासिक ‘विरासत-ए-खालसा’ संग्रहालय की स्थापना के लिए वे संकल्पित हैं। यह पहल सांस्कृतिक संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सद्भाव को भी मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, निर्मल सिंह (अध्यक्ष, केंद्रीय सिख सभा गुरुद्वारा आलमबाग), जसपाल सिंह वोरा (अध्यक्ष, आशियाना गुरुद्वारा), सुरेंद्र पाल सिंह बक्शी (उप्र गुरुद्वारा सिख मैनेजमेंट कमेटी), सरबजीत सिंह, रतपाल सिंह गोल्डी, मनजीत सिंह तलवार, प्रशांत भाटिया, टी.पी.एस. अनेजा, अनिल विरमानी, परविंदर सिंह, जे.एस. चड्ढा, सुनील कालरा, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, कमलेश सिंह, विमल तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *