“सरके चुनर” गीत पर विवाद: गीतकार ने बनाई दूरी, बोले- मैंने नहीं लिखे मूल बोल

नई दिल्ली, 17 मार्च। अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री नोरा फतेही के गीत “सरके चुनर” को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म केडी द डेविल के इस गाने के कथित “अश्लील बोल” पर आलोचना के बीच गीतकार रकीब आलम ने खुद को इससे अलग कर लिया है।

विवाद बढ़ने के बाद यह गीत आधिकारिक यूट्यूब चैनल से हटा दिया गया है, हालांकि सोशल मीडिया पर अब भी इसका प्रसार जारी है। यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है और इसे कई भाषाओं में डब किया गया है।

रकीब आलम ने स्पष्ट किया कि गाने के मूल बोल उन्होंने नहीं लिखे। उनके अनुसार, फिल्म के निर्देशक प्रेम ने कन्नड़ में गीत लिखा था और उनसे सिर्फ उसका हिंदी अनुवाद करने को कहा गया था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने ऐसे बोल लिखने से इनकार भी किया था, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि गीत पर आपत्ति हो सकती है।

गीतकार ने कहा कि उन्होंने केवल कन्नड़ संस्करण का शब्दशः अनुवाद किया था और मूल रचनात्मक जिम्मेदारी उनकी नहीं है। विवाद के बाद फिल्म टीम ने उनसे “साफ-सुथरे बोल” के साथ गीत को दोबारा लिखने के लिए भी कहा।

इस बीच, गाने को लेकर मनोरंजन जगत में भी नाराजगी देखने को मिली है। गायक अरमान मलिक ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गीत लेखन का स्तर गिरता देखना दुखद है। वहीं फिल्मकार ओनीर ने सवाल उठाया कि ऐसे गीतों पर रोक क्यों नहीं लगाई जाती।

सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और यूट्यूब को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने गीत के बोलों को लेकर कड़ी आलोचना की है और इसे “भद्दा” व “अश्लील” बताते हुए संगीत के गिरते स्तर पर चिंता जताई है।

फिलहाल, विवाद के बीच फिल्म की टीम पर गाने के संशोधित संस्करण को लाने का दबाव बढ़ता दिख रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *