पश्चिम एशिया संकट का फायदा उठाने के लिए कांग्रेस ‘राजनीतिक गिद्ध’ की तरह घात लगाए बैठी है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

थराद (गुजरात), 31 मार्च (UNS)। नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का राजनीतिक फायदा उठाने के लिए वह ‘राजनीतिक गिद्ध’ की तरह घात लगाए बैठी है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया युद्ध, अशांति और ईंधन की बढ़ती कीमतों से जूझ रही है, तब भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और लोगों की एकजुटता के कारण स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के वाव-थराद जिले के नानी गांव में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल, विशेषकर कांग्रेस, राष्ट्रीय एकता का समर्थन करने के बजाय लोगों में दहशत और भय फैलाकर मौजूदा परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “आज कांग्रेस लोगों को उकसाने में व्यस्त है। राजनीतिक गिद्धों की तरह यह स्थिति के बिगड़ने की प्रतीक्षा कर रही है, ताकि उसका राजनीतिक लाभ उठाया जा सके।”

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अफरा-तफरी का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है और लोगों को पेट्रोल पंपों तथा गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगाने के लिए उकसा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर बढ़ी ईंधन कीमतों का बोझ आम जनता पर कम से कम पड़े।

उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में लगभग 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, लेकिन भारत ने अपनी मजबूत नीतियों और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के जरिए स्थिति को नियंत्रण में रखा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों का प्रभाव दुनिया के लगभग हर देश पर पड़ा है, लेकिन भारत ने इस चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल होगा।

उन्होंने विपक्ष पर अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि कुछ दल अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि भारत हर संकट का सामना करने में सक्षम है और सरकार देशवासियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *