कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ सड़कों पर उतरी सरोजनीनगर की जनता, राजेश्वर सिंह पर दिया था विवादित बयान


पुतला दहन कर जताया प्रचंड विरोध, 5 हजार से अधिक लोगों ने किया प्रदर्शन

लखनऊ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को सरोजनीनगर की सड़कों पर जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर अजय राय का पुतला दहन किया और जोरदार प्रदर्शन करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।

प्रदर्शन में 5,000 से अधिक लोग शामिल हुए। हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने “अजय राय होश में आओ”, “अजय राय मुर्दाबाद” और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। जनसमूह ने शहीद पथ मोड़ से होटल हॉलिडे इन तक मार्च निकाला। कड़कड़ाती ठंड और बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने सरोजनीनगर पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि डॉ. राजेश्वर सिंह की ईमानदार और बेदाग छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से निराधार और अमर्यादित बयान दिए गए हैं। चेतावनी दी गई कि यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने शीघ्र सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और विज़नरी जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने अपने प्रशासनिक और राजनीतिक जीवन में अपराध व भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसी कारण उनसे घबराकर विपक्ष इस तरह की बयानबाज़ी कर रहा है। जनता ने इसे पूरे क्षेत्र के सम्मान पर हमला बताया।

इस दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के राजनीतिक इतिहास पर भी सवाल उठाए और कहा कि जनसमर्थन के अभाव में वे सुर्खियों में बने रहने के लिए सस्ती राजनीति कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि सरोजनीनगर की जनता ऐसे बयानों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात रहा।

जनाक्रोश प्रदर्शन के अंत में यह संदेश साफ दिया गया कि डॉ. राजेश्वर सिंह के खिलाफ अपमानजनक राजनीति का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और क्षेत्र की जनता अपने लोकप्रिय विधायक के सम्मान के लिए एकजुट है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *