खत्री सभा के होली मिलन समारोह में बरसे फूलों के रंग, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश

शाहजहांपुर। शहर के चौक स्थित खत्री अतिथि भवन में शनिवार को खत्री सभा शाहजहांपुर की ओर से भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने फूलों की होली खेलते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और समाजसेवी प्रमोद चंद सेठ ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत खत्री समाज की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत श्रीराम वंदना, जाति गान और भक्ति गीतों से हुई। इन प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान समाज के मेधावी विद्यार्थियों और नवोदित उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज की नई बहुओं का परिचय कराकर उनका स्वागत किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह परंपरा समाज में अपनत्व, सम्मान और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का प्रतीक है।

मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि यह आपसी मनमुटाव को भुलाकर प्रेम और सद्भाव को बढ़ाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक संजय मेहरोत्रा और महामंत्री सुमित कुमार खन्ना ने अतिथियों का स्वागत किया और सभी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित फूलों की होली में सभी लोगों ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा करते हुए होली का आनंद लिया और गले मिलकर शुभकामनाएं दीं।

समारोह में ठंडाई, गुझिया, चाट सहित पारंपरिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर राजीव खन्ना, गोपाल मेहरोत्रा, राजीव मेहरोत्रा, अशोक कुमार टंडन, अमित कपूर, मेघना खन्ना, रुचि अनेजा, रचना कपूर, कनिका मेहरोत्रा, मीरा सेठ और शोभा सेठ सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *