मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27.99 लाख छात्रों को 3,350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति डीबीटी से अंतरित की

लखनऊ, 30 मार्च 2026, RNN। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वंचित एवं कमजोर वर्ग के कक्षा 9, 10 तथा दशमोत्तर के 27,99,982 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 3,350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से अंतरित की।

साथ ही राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 33,334 आश्रित लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों में उत्साह का संचार करते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में छात्रवृत्ति वितरण का कार्य 25 सितंबर से प्रारंभ हुआ और जनवरी 2026 तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के माध्यम से 20,12,258 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि 30 मार्च को 13,52,357 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 33,64,615 छात्र-छात्राओं को लगभग 2,700 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में पात्र छात्रों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण सुनिश्चित करने में सफलता मिली है।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पिछड़ा वर्ग की बेटियों के विवाह हेतु 232 करोड़ रुपये की धनराशि से 1,16,000 परिवारों को अनुदान प्रदान किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी प्रत्येक पात्र छात्र-छात्रा को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर कार्यक्रम में ओम प्रकाश राजभर, असीम अरुण, संजीव गोंड, दानिश आजाद अंसारी, सुषमा खर्कवाल, बैजनाथ रावत और वाई. पी. सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *