मोहनलालगंज। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को मोहनलालगंज क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के पोषण पोर्टल के माध्यम से कुपोषण के दायरे में आने वाले बच्चों के विकास पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र छोटी खेड़ा, देवी खेड़ा और गढ़ी का भ्रमण कर वहां लागू किए गए कायाकल्प मॉडल की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने आईसीडीएस अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिया कि जन्म के बाद कम वजन वाले बच्चों की स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से नियमित जांच कराई जाए और उनके परिजनों को जागरूक किया जाए, ताकि बच्चों की ग्रोथ रेट पर विशेष ध्यान देते हुए कुपोषण को समाप्त किया जा सके।
इसके बाद सीईओ मनोज कुमार सिंह ने प्राथमिक विद्यालय छोटी खेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी पढ़ाई की स्थिति परखी। गणित विषय में बच्चों को कमजोर पाकर उन्होंने शिक्षकों से बातचीत की और आसान व प्रभावी तरीकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचकर सीईओ ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर संतोष जताया। उन्होंने लेबर रूम और मैटरनिटी वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मातृत्व मृत्यु दर हर हाल में कम करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसव के बाद 42 दिनों तक जच्चा-बच्चा की स्थिति पर सतत निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सीईओ ने सीएचसी में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं का भी जायजा लिया और निर्देश दिया कि बीमार व जरूरतमंद लोगों को मुफ्त जांच और उपचार उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
इस मौके पर बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. सरनीत कौर ब्रोका, सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
