सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं शुरू: 46 लाख से अधिक छात्र शामिल

नई दिल्ली, 17 फरवरी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। बोर्ड के अनुसार, देश और विदेश के 8,000 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर 46 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षाओं में शामिल हुए।

परीक्षाओं के पहले दिन कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने गणित विषय की परीक्षा दी, जबकि कक्षा 12वीं के लिए बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप और आशुलिपि (हिंदी व अंग्रेजी) विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। नई दिल्ली के शालीमार बाग स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या अल्का कपूर ने बताया कि गणित (मानक) और गणित (बेसिक) दोनों स्तरों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।

उन्होंने कहा कि गणित (मानक) का प्रश्नपत्र संतुलित और सुव्यवस्थित था तथा अधिकांश छात्र निर्धारित समय में प्रश्नपत्र पूरा करने में सफल रहे। उनके अनुसार, प्रश्नपत्र न तो अत्यधिक लंबा था और न ही जटिल, इसलिए छात्रों ने इसे परीक्षार्थी-अनुकूल बताया।

सीबीएसई के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने विद्यार्थियों को स्थानीय परिस्थितियों, यातायात और मौसम को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे तक पहुंचने की सलाह दी थी।

बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आगाह किया कि परीक्षाओं के दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाने की कोशिशें हो सकती हैं। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने का आग्रह किया।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार को कक्षा 10वीं की गृह विज्ञान तथा कक्षा 12वीं की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। सीबीएसई ने कहा है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन सुचारू और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *