लखनऊ, 11 मार्च । अखिलेश यादव ने बुधवार को घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार एलपीजी सिलेंडरों के सुचारू वितरण को सुनिश्चित करने में विफल रही है, जिसके कारण लोगों को रिफिल के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “खाली हो गया भाजपा के ‘अच्छे दिनों’ का सिलेंडर।” उन्होंने कहा कि कई जगह उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बाद यह बताया जा रहा है कि जब तक उनके पास डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) नहीं होगा, तब तक उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता सवाल कर रही है कि यदि डीएसी के लिए गैस कंपनियों का सर्वर ही काम नहीं कर रहा है तो उपभोक्ता क्या करें। उन्होंने कहा कि सर्वर को सुचारू रूप से चलाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने भी लोगों को सिलेंडर देने से मना किया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि गैस की आपूर्ति में गड़बड़ी के कारण कई घरों में खाना बनाने में कठिनाई हो रही है और बच्चे-बुजुर्ग तक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं और जरूरतमंदों से कई गुना अधिक कीमत वसूल रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पहले लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटकना पड़ा था और अब रसोई गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह विफल हो गई है और जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
