बहुगुणा पुण्यतिथि: मुख्यमंत्री योगी ने दी श्रद्धांजलि, कहा—प्रदेश को दी नई दिशा

लखनऊ, 17 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बहुगुणा ने प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि उन्होंने स्वतंत्र भारत में जनप्रतिनिधि, मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुगुणा ने उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा दी और प्रयागराज को एक नई पहचान दिलाई।

उन्होंने कहा कि बहुगुणा भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके कार्य और योगदान समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। मुख्यमंत्री ने उनके जनकल्याणकारी दृष्टिकोण और प्रशासनिक कार्यों को देश की समृद्धि के लिए उदाहरण बताया।

योगी आदित्यनाथ ने बहुगुणा के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जन्म वर्तमान उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के एक छोटे से गांव में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए प्रयागराज का रुख किया और छात्र जीवन में ही स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बहुगुणा स्वतंत्रता संग्राम के सक्रिय सेनानी रहे और भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उन्हें अंग्रेजी शासन द्वारा चार वर्षों तक जेल में रखा गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी और अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जन्म 25 अप्रैल 1919 को हुआ था और 17 मार्च 1989 को उनका निधन हुआ। वह पहले कांग्रेस से जुड़े रहे और बाद में लोक दल में शामिल हो गए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *