नयी दिल्ली, चार फरवरी – ओलंपियन ईशा सिंह ने पिछले साल के अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए बुधवार को यहां एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (पिस्टल/राइफल) के पहले दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने टीम स्पर्धा में भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, पुरुष वर्ग में विश्व चैंपियन सम्राट राणा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इक्कीस वर्षीय ईशा ने फाइनल में पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए 239.8 अंक जुटाए। उन्होंने चीनी ताइपे की चेंग येन चिंग (235.4 अंक) और यू ऐ वेन (217.7 अंक) के साथ-साथ हमवतन सुरुचि सिंह की कड़ी चुनौती को पछाड़ते हुए सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
ईशा ने पिछले साल चीन के निंगबो में आईएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था और 2024 में 19 वर्ष की उम्र में जकार्ता में अपना पहला महाद्वीपीय खिताब अपने नाम किया था।
फाइनल में पहले 10 शॉट के बाद बढ़त बनाने वाली 19 वर्षीय सुरुचि सिंह एलिमिनेशन राउंड में पिछड़ गईं और चौथे स्थान पर रहीं। पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीत चुकीं मनु भाकर सातवें स्थान पर रहीं।
ईशा ने दबाव में शानदार संयम दिखाते हुए 10.4 या उससे अधिक के तीन स्कोर किए, जिससे स्वर्ण पदक पर उनका दावा मजबूत हो गया, जबकि चीनी ताइपे की दोनों निशानेबाज निर्णायक क्षणों में पिछड़ गईं।
क्वालीफाइंग राउंड में सुरुचि 576 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि मनु भाकर और ईशा सिंह दोनों ने 575 अंक हासिल किए। इन तीनों ने फाइनल में जगह बनाई।
सुरुचि (576), मनु (575) और ईशा (575) की तिकड़ी ने कुल 1,726 अंकों के साथ टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। भारत ने इस वर्ग में वियतनाम (1,713 अंक) और चीनी ताइपे (1,711 अंक) को पीछे छोड़ा।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में विश्व चैंपियन सम्राट राणा फाइनल में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और 220.3 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। उज्बेकिस्तान के व्लादिमीर स्वेचनिकोव (242.0) ने स्वर्ण और कजाकिस्तान के वैलेरी रखिमजान (241.0) ने रजत पदक जीता।
क्वालीफाइंग राउंड में सम्राट ने 581 अंक बनाकर दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। आठ निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचे दूसरे भारतीय खिलाड़ी श्रवण कुमार चौथे स्थान पर रहे।
पुरुषों की टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक मिला। सम्राट (581), श्रवण (578) और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता वरुण तोमर (573) ने कुल 1,732 अंक जुटाए। उज्बेकिस्तान ने भी 1,732 अंक हासिल किए, लेकिन 58 ‘इनर 10’ के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के ‘इनर 10’ की संख्या 52 रही। कजाकिस्तान 1,731 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
