आरजू की बेहतरीन बल्लेबाजी से सीएएल ब्लू की विजयी शुरुआत, केसीए कानपुर की भी उम्दा जीत


प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट

लखनऊ। प्लेयर ऑफ द मैच अंजली (61*) के नाबाद अर्धशतक की बदौलत केसीए कानपुर ने प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सीएएल रेड को छह विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं दिन के दूसरे मैच में आरजू सिंह (नाबाद 48) की बेहतरीन बल्लेबाजी से सीएएल ब्लू ने इलाहाबाद महिला विंग को आठ विकेट से पराजित करते हुए जीत से अपने अभियान की शुरुआत की। 🏏

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से स्वीकृति प्राप्त इस टूर्नामेंट का आयोजन क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से सेज क्रिकेट मैदान, 1090 चौराहा, गोमती नगर में किया जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव हर्षवर्धन सिंह ने किया, जबकि सेज क्रिकेट अकादमी के निदेशक बृजेश यादव ने आभार व्यक्त किया।

अंजली के अर्धशतक से केसीए कानपुर की जीत

पहले मैच में सीएएल लखनऊ रेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में आठ विकेट पर 94 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शरगुन यादव ने 31 रन, ताशू सिंह ने 16 रन और धुन पिमोली ने नाबाद 14 रन का योगदान दिया। केसीए कानपुर की ओर से अर्चना ने दो विकेट लिए।

जवाब में केसीए कानपुर की टीम ने 13 ओवर में चार विकेट पर 95 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम 66 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन सलामी बल्लेबाज अंजली ने 53 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से नाबाद 61 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। श्वेता वर्मा ने नाबाद 10 रन बनाए।

आरजू की दमदार पारी से सीएएल ब्लू की जीत

दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद महिला विंग की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.5 ओवर में 86 रन पर सिमट गई। कात्यायनी पाठक ने 20 रन, नमस्या सिंह ने 16 रन, मीनाक्षी यादव ने 13 रन और राधा पाण्डेय ने 11 रन का योगदान दिया। सीएएल ब्लू की ओर से प्रिशा गुप्ता और चांदनी शर्मा ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएएल ब्लू ने 17.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आरजू सिंह ने 42 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 48 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। आयुषी श्रीवास्तव ने 12 रन और अपेक्षा त्रिपाठी ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया।

टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने महिला क्रिकेट के बढ़ते स्तर और प्रतिस्पर्धा को दर्शाया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *