राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज उलटफेर भरी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में

स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में वरीय खिलाड़ियों को झटका

लखनऊ, 24 मार्च 2026। राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उलटफेर भरी जीत के साथ स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों ने वरीय खिलाड़ियों को हराकर प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी मजबूत की।

इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड के प्रायोजन में एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा ला मार्टिनियर कॉलेज स्थित ला मार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।

वरीय खिलाड़ियों को झटका, मेजबान खिलाड़ियों का प्रदर्शन रहा फीका

टूर्नामेंट का दूसरा दिन मेजबान खिलाड़ियों के लिए निराशाजनक रहा। छठीं वरीय उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह उलटफेर का शिकार हो गए, जबकि चिन्मय देव चौहान, ऋषि यादव और वंश यादव की चुनौती भी हार के साथ समाप्त हो गई।

प्री-क्वार्टर फाइनल में क्वालीफायर राजस्थान के अमित ने छठीं वरीय अंशुमान सिंह के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए अपने सटीक शॉट्स से दबाव बनाया और मुकाबला 6-2, 6-3 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

एक अन्य उलटफेर में हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने तीसरी वरीय पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-4, 6-2 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई।

अन्य मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष

हरियाणा के वंश नंदल ने उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 5-7, 6-4, 6-2 से हराया। पहले सेट में ऋषि यादव ने बेहतरीन कोर्ट कवरेज के दम पर बढ़त बनाई, लेकिन वंश नंदल ने बेहतर रणनीति अपनाते हुए दूसरे और तीसरे सेट अपने नाम कर लिए।

दूसरे मुकाबले में दूसरी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने उत्तर प्रदेश के वंश यादव को 2-6, 6-3, 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने हरियाणा के हर्ष मलिक को 6-2, 6-3 से पराजित किया।

क्वालीफायर हरियाणा के सुनील कुमार ने मेजबान खिलाड़ी चिन्मय देव चौहान को टाईब्रेक में 7-6(6), 6-2 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

पुरुष युगल मुकाबलों की भी हुई शुरुआत

टूर्नामेंट में पुरुष युगल वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत भी मंगलवार को हो गई। पहले राउंड में लव पहल व जसराज, उपनिषद भारद्वाज व सौरभ सिंह, वंश नंदल व मयंक शर्मा, पार्थ पाटिल व ए. ओहिल्यान तथा अमित व पार्थ सारथी शर्मा की जोड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।

टैलेंट हंट प्रतियोगिता में अव्यान जैन बना चैंपियन

दूसरी ओर स्वरुप अग्रवाल प्राइजमनी टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट में बालक अंडर-10 वर्ग का खिताब अव्यान जैन ने अव्यांश पाठक को 4-2 से हराकर अपने नाम किया।

उल्लेखनीय है कि इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट और टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं हैं, जिनकी प्राइजमनी क्रमशः एक लाख रुपये और डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *