दादरी/लखनऊ, 29 मार्च 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी ने दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा’ रैली के जरिए बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। रैली को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीएम मोदी की रैलियों में भीड़ जुटाने के तौर-तरीकों से लेकर विकास के दावों तक कई सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए सरकारी कर्मचारियों और संसाधनों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कैमरों से कुछ भी छिपा नहीं रह सकता और सच्चाई सामने आ ही जाती है।
रैली में उमड़ी भीड़ को लेकर सपा प्रमुख ने कहा कि पूरे पंडाल में पार्टी के झंडों का लाल रंग दिखाई दे रहा है, जो कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सपा नेता राजकुमार भाटी की सराहना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की इस रैली की चर्चा से विरोधी दल असहज हो गए हैं। इसी दबाव में विपक्षी दलों ने पहले अपनी रैली आयोजित की, लेकिन वहां भीड़ स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि लोगों को जुटाया गया था। उन्होंने कहा कि खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताने वाले दल को भी रैली के लिए सरकारी संसाधनों और कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा।
अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि एक संस्थान के छात्रों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया और बाद में उन्हें छुट्टी दी गई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की रैली में जो लोग आए हैं, वे भाजपा की लखनऊ और दिल्ली की सरकार की छुट्टी कर देंगे।
सपा प्रमुख ने राज्य सरकार के विकास दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले उद्घाटन किए गए कई एयरपोर्ट बंद हो चुके हैं और नए एयरपोर्ट के साथ भी यह आशंका बनी रहती है कि उन्हें निजी हाथों में सौंप दिया जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उद्घाटन के समय कम से कम यह भरोसा दिया जाना चाहिए कि सार्वजनिक संपत्तियों को नहीं बेचा जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के लिए एनओसी दिलाने का काम समाजवादी सरकार के दौरान हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार ने आधे-अधूरे एयरपोर्ट का उद्घाटन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी जमीन का बाजार भाव के अनुसार मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और 4 प्रतिशत विकसित प्लॉट दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना को फिर से शुरू किया जाएगा और ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही, सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमों को वापस लेने का भी वादा किया।
रैली की अध्यक्षता पूर्व सांसद हरीश पाल ने की, जबकि संयोजन राजकुमार भाटी ने संभाला। रैली में बड़ी संख्या में किसान, नौजवान, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन, सांसद हरेन्द्र मलिक, धर्मेन्द्र यादव, इकरा हसन, विधायक अतुल प्रधान तथा पूर्व मंत्री जावेद आब्दी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, शाहिद मंजूर, कमाल अख्तर, एसटी हसन, नाहिद हसन, योगेश वर्मा, जितेन्द्र यादव, कृष्ण कन्हैया पाल, लक्ष्मी धनगर, मुकीम अहमद चौधरी, विजय चौधरी, जगवीर गुर्जर, फकीर चंद, आसरे गुप्ता, बिजेन्द्र नागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
