लखनऊ, 24 फरवरी। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया है। दयाशंकर सिंह ने बताया कि त्योहार के समय विशेषकर दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश मार्गों पर यात्री दबाव अधिक रहता है, इसलिए इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री के अनुसार, प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलने पर अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने शत-प्रतिशत निगम बसों के संचालन और अनुबंधित कर्मियों को पर्व अवधि में अवकाश न देने के निर्देश दिए हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालक-परिचालकों को 3,600 से 4,500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जबकि डिपो एवं कार्यशाला कर्मियों को भी विशेष मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इस बीच लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने शहर के भीतर विशेष नगरीय परिवहन व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। इस अवधि में अधिकतम बसों को सड़कों पर संचालित किया जाएगा और प्रमुख मार्गों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सेवा नियमित रखी जाएगी।
विभाग ने डिपो स्तर पर ड्यूटी रोस्टर तैयार करने, प्रमुख स्टॉपेजों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती, ईटीएम मशीनों की शत-प्रतिशत उपलब्धता और टिकटिंग व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए हैं। संचालन की दैनिक निगरानी के लिए विशेष ‘होली ग्रुप’ बनाकर प्रतिदिन रिपोर्ट साझा की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस विशेष योजना का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध करना है।
