$1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था लक्ष्य की दिशा में तेजी, मंत्री राकेश सचान ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

एमएसएमई इकोसिस्टम सुदृढ़ करने, प्लेज पार्क योजना और निर्यात वृद्धि पर विशेष फोकस

लखनऊ, 23 मार्च 2026। खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई तथा निर्यात प्रोत्साहन से जुड़े विभागों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में हो रही प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में विनिर्माण क्षेत्र के सकल राज्य मूल्य वर्धन (जीएसवीए) में वृद्धि, एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र की मजबूती तथा निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की प्रगति पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र देश का दूसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम बन चुका है, जिसमें लगभग 86 लाख इकाइयां संचालित हैं और यह बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में योगदान दे रहा है।

समीक्षा के दौरान मंत्री राकेश सचान ने निर्देश दिए कि विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए नई औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण में तेजी लाई जाए तथा वित्त वर्ष 2025-26 तक निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाए। उन्होंने निर्यात वृद्धि के सकारात्मक रुझान पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और गति देने के लिए निर्यातोन्मुख क्षेत्रों—विशेषकर चमड़ा, वस्त्र एवं परिधान—पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में प्लेज पार्क योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अब तक 12 पार्कों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं। मंत्री ने निर्देशित किया कि लंबित प्रस्तावों को शीघ्र पूर्ण करते हुए निजी एमएसएमई पार्कों की स्थापना को गति दी जाए, जिससे औद्योगिकीकरण एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी माह में प्रदेश स्तर पर लेदर एवं टेक्सटाइल आधारित कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाए, जिससे निवेश आकर्षित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित किए जा सकें। साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित वस्त्र एवं परिधान पार्कों की स्थापना की दिशा में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में टीआरईडीएस प्लेटफॉर्म पर अधिकाधिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि एमएसएमई इकाइयों को समयबद्ध भुगतान एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त रॉ मटेरियल बैंक, पीएम मित्र पार्क तथा स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर रोजगार सृजन, निर्यात वृद्धि और औद्योगिक विकास के माध्यम से उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *