बेरोज़गारी और अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतरी आप, पदयात्रा बनी जनआंदोलन

मथुरा में प्रवेश पर हुआ जोरदार स्वागत, सरकार पर भर्ती घोटालों और बेरोज़गारी को लेकर साधा निशाना

लखनऊ/मथुरा, 6 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश में बेरोज़गारी, सामाजिक अन्याय और रोजगार के मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी की “रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के चौथे दिन हाथरस से मथुरा तक भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह लोगों ने फूलमालाओं, नारों और उत्साह के साथ पदयात्रा का स्वागत किया। सड़कों पर उमड़ी भीड़ और युवाओं का जोश इस बात का संकेत देता दिखा कि रोजगार और सामाजिक न्याय का मुद्दा प्रदेश में तेजी से जनआंदोलन का रूप ले रहा है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में यह पदयात्रा सोमवार सुबह हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र से शुरू होकर मथुरा की सीमा में प्रवेश करते हुए बिसावर मार्ग से अग्रवाल रिसॉर्ट तक पहुंची। मथुरा में प्रवेश के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पदयात्रा के मार्ग में युवाओं, महिलाओं, वकीलों और बुजुर्गों ने पुष्पवर्षा कर समर्थन जताया।

मथुरा पहुंचने के बाद संजय सिंह ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों पद खाली होने के बावजूद भर्ती प्रक्रियाएं लंबे समय से लंबित हैं या भ्रष्टाचार और धांधली की भेंट चढ़ चुकी हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं को निराश और हताश किया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि युवाओं को रोजगार नहीं दिया गया, तो सरकार को जवाबदेह बनाना पड़ेगा।

संजय सिंह ने कहा, “प्रदेश में बेरोज़गारी दर लगातार बढ़ रही है और युवाओं के सामने रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। हम युवाओं का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। सरकार या तो रोजगार दे या युवाओं को 10 हजार रुपये मासिक बेरोज़गारी भत्ता दे।”

उन्होंने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में दलितों और कमजोर वर्गों के साथ अन्याय की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पीड़ितों को न्याय पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है और प्रशासन समय पर कार्रवाई नहीं करता।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप पाण्डेय ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि बेरोज़गारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ यह आंदोलन अब हर घर की आवाज बनता जा रहा है।

पार्टी के नेता अनिल झा ने कहा कि प्रदेश में रोजगार का संकट अपने चरम पर है और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थी वर्षों तक भर्ती प्रक्रिया का इंतजार करते हैं, लेकिन परिणाम समय पर घोषित नहीं होते या परीक्षाएं रद्द हो जाती हैं।

आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी ने कहा कि यह लड़ाई केवल रोजगार की नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों और मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की निर्णायक लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और यह पदयात्रा प्रदेश में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले रही है।

दिल्ली से विधायक विशेष रवि ने कहा कि भर्ती घोटालों, पेपर लीक और सामाजिक अन्याय की घटनाओं ने व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नौजवान, आशा बहुएं, शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और रेडी-पटरी दुकानदार भी शामिल हुए और रोजगार तथा सम्मान की मांग को लेकर समर्थन जताया। नेताओं ने जनता से अपील की कि वे इस आंदोलन से जुड़कर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करें।

बताया गया कि “रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी जारी रहेगी, जहां रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *