लखनऊ, 23 मार्च 2026। आम आदमी पार्टी (आप) की छात्र विंग ASAP (Association of Students for Alternative Politics) ने शहीद दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी शिक्षा अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य युवाओं को संगठित करना, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करना तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को छात्रों और युवाओं तक पहुंचाना है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर ललितपुर, गाजियाबाद, बहराइच, बागपत, जालौन, मुजफ्फरनगर, चंदौली, वाराणसी, आगरा, बदायूं, मैनपुरी, मेरठ, कानपुर, मुरादाबाद और सहारनपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किए।
राजधानी लखनऊ में इस अभियान की शुरुआत आम आदमी पार्टी की छात्र विंग ASAP के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने लखनऊ विश्वविद्यालय के ओल्ड कैंपस से की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और जनसंपर्क अभियान चलाएंगे, ताकि शिक्षा को लेकर समाज में नई चेतना और जागरूकता पैदा की जा सके।

अनित रावत ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान छात्रों और युवाओं ने भगत सिंह और बाबा साहब अंबेडकर के विचारों पर चर्चा की और संकल्प लिया कि इन विचारों को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया जाएगा, जिससे एक जागरूक, शिक्षित और समानता आधारित समाज का निर्माण संभव हो सके। उन्होंने युवाओं और छात्रों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए ASAP से जुड़ने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया।
उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर युवाओं को अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा दी, वहीं बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की मजबूत नींव रखी।
अनित रावत ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और समान अवसर जैसे मूल मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में लोकतांत्रिक माहौल को खत्म करने और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जो देश के भविष्य के लिए चिंताजनक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और प्रदेश सरकार ने युवाओं के मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के संकट पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में छात्र-युवा आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर अंशुल यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष), पवन कुमार वर्मा (लखनऊ मंडल अध्यक्ष), नीरज गुप्ता, आशीष मौर्य, हर्षित, मोहित सिंह, विकास यादव, रक्षित तिवारी, मनीष यादव और आसिफ खान सहित कई छात्र-युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
