आगरा के शहीद स्मारक से आप सांसद संजय सिंह ने ‘रोज़गार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के चौथे चरण का किया शुभारंभ

आगरा, 3 अप्रैल 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को आगरा के शहीद स्मारक, संजय पैलेस से ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के चौथे चरण का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद को माल्यार्पण कर पदयात्रा की शुरुआत की।

यह पदयात्रा 3 अप्रैल से शुरू होकर हाथरस होते हुए 9 अप्रैल को मथुरा में समाप्त होगी। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और इसे व्यापक जनसमर्थन मिला।

बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना

जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक अन्याय जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए, न कि नफरत और विभाजन की राजनीति।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की समस्याएं, गन्ना भुगतान, खाद की कमी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। जब जनता बिजली, पानी और रोजगार की मांग करती है, तो उसे ठोस जवाब देने के बजाय नारेबाजी और दिखावे की राजनीति की जाती है।

‘रोजगार दो, वरना 10 हजार दो’ की मांग

संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और पेपर लीक की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे नौजवानों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि बेरोजगार युवाओं को 10,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और वे प्रदेश के विकास में योगदान दे सकें।

उन्होंने 69,000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मुद्दों, दलितों और पिछड़े वर्गों पर बढ़ते अत्याचार तथा सामाजिक भेदभाव के मामलों का भी उल्लेख किया। लखनऊ, रायबरेली और इटावा की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वंचित समाज के साथ अन्याय लगातार बढ़ रहा है और सरकार इस पर मौन बनी हुई है।

संविधान और सामाजिक सद्भाव का संदेश

संजय सिंह ने कहा कि यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बल्कि भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी धर्मनिरपेक्ष भारत और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

इस दौरान ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत, जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *