सपा कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाई गई

सपा कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाई गई

शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती मंगलवार को जनपद शाहजहांपुर के बिजलीपुरा स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंतर्गत एक विचार गोष्ठी का आयोजन सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें चौधरी चरण सिंह के जीवन, संघर्ष और किसान हितैषी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के नूरपुर में एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार में हुआ था। वे 28 जुलाई 1979 से 14 जनवरी 1980 तक भारत के पांचवें प्रधानमंत्री रहे। उन्हें इतिहासकारों एवं आम जनता द्वारा ‘भारत के किसानों का चैंपियन’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज भी चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए किसानों के अधिकारों की लड़ाई निरंतर लड़ रहे हैं।
पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा दबे-कुचले, गरीब, बेसहारा और किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वे सामाजिक न्याय में दृढ़ विश्वास रखते थे और किसानों के बीच उनका अपार विश्वास था।

पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों और उनके परिवारों के उत्थान के लिए जीवनभर कार्य किया। उनके जीवन मूल्यों में कड़ी मेहनत, स्वतंत्रता और समझौता न करने वाली ईमानदारी शामिल थी। देश की आजादी के आंदोलन में भी वे कई बार जेल गए। कार्यक्रम में सपा जिला महासचिव रणंजय सिंह, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश प्रमुख महासचिव सैयद रिजवान अहमद, प्रदेश सचिव विजय सिंह, रामसूरत यादव, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, महिला सभा जिलाध्यक्ष किरन कठेरिया, युवजन सभा प्रदेश उपाध्यक्ष पार्थ यादव, छात्र सभा जिलाध्यक्ष प्रसून कुमार कनौजिया, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष उत्पल यादव, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *