डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय बने एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर

डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय बने एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर

नई दिल्ली, 22 दिसंबर 2025। भारतीय हैंडबॉल के लिए यह गर्व का क्षण है कि साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के महासचिव एवं हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय को एशियन हैंडबॉल फेडरेशन (एएचएफ) का काउंसिल मेंबर चुना गया है। यह चुनाव मिस्र की राजधानी कैरो में 20 दिसंबर को आयोजित एएचएफ की आर्डिनरी कांग्रेस के दौरान हुआ।

इस कांग्रेस में एशिया महाद्वीप के 36 देशों ने भाग लिया, जहां काउंसिल के पांच सदस्यों का निर्वाचन किया गया। इनमें भारत से डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय को काउंसिल मेंबर चुना जाना देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह ने बताया कि एशियन हैंडबॉल फेडरेशन में पद्मश्री डॉ. आर. एल. आनंद के बाद डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय दूसरे भारतीय हैं जिन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इससे एशियन हैंडबॉल फेडरेशन में भारत की भूमिका और अधिक सशक्त होगी।

डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने जानकारी दी कि कैरो में अलग-अलग समय पर इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन, एशियन हैंडबॉल फेडरेशन, कॉमनवेल्थ हैंडबॉल फेडरेशन और साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन की बैठकें आयोजित की गईं। इन सभी बैठकों में भारत ने सक्रिय भागीदारी निभाई और खेल के विकास से जुड़े अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

उन्होंने बताया कि साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन की बैठक में सर्वसम्मति से आगामी चार वर्षों की कार्यकारिणी के गठन पर सहमति बनी है, जिसके लिए उन्हें अधिकृत किया गया है। जल्द ही नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

एएचएफ के काउंसिल मेंबर के रूप में डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय एशियाई महाद्वीप में हैंडबॉल खेल के विकास को गति देने, नीतियों के निर्माण, शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और दीर्घकालिक रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के नवनिर्वाचित काउंसिल मेंबर

डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (भारत)

मोहम्मद गुलदार (यूएई)

डॉ. अहमद (इराक)

डॉ. चुंग हायकुंग (कोरिया)

आमिर अलबरवानी (ओमान)

डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय के इस चयन से भारतीय हैंडबॉल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *