शाहजहांपुर। काकोरी कांड के अमर शहीदों के बलिदान दिवस पर गुरुवार को खिरनीबाग स्थित बिस्मिल उद्यान में रचनात्मक संस्था संकल्प के तत्वावधान में हवन, पुष्पांजलि एवं भावांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त अजय त्रिपाठी एवं सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता ने यज्ञ में आहुतियां देकर राष्ट्र की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त द्वारा अमर शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां एवं ठाकुर रोशन सिंह के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्पण से हुआ।

इस अवसर पर पं. राम प्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि बलिदान दिवस हमें उन महान क्रांतिकारियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आर्य समाज के विद्वानों के निर्देशन में वैदिक यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने आहुतियां दीं। कवि डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में आयोजित समारोह में नगर निगम अधिकारी, संस्था पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संस्था के संस्थापक डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी द्वारा प्रार्थना के साथ किया गया।
