पूर्व मंत्री संजय सरावगी बने भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर : भारतीय जनता पार्टी  ने दरभंगा सदर सीट से विधायक और पूर्व मंत्री संजय सरावगी को सोमवार को पार्टी की बिहार इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संजय सरावगी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। सरावगी (56) इस पद पर दिलीप जायसवाल का स्थान लेंगे।

संजय सरावगी लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें दरभंगा और पूरे मिथिला क्षेत्र में भाजपा के एक अनुभवी और चर्चित नेता के रूप में जाना जाता है।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सरावगी को बधाई दी और उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने लिखा, “लोकप्रिय विधायक संजय सरावगी को बिहार में भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके सक्षम नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि सरावगी बिहार में भाजपा को और अधिक सशक्त, अनुशासित और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सरावगी को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार भाजपा संगठन नई ऊर्जा के साथ जनसेवा की भावना से ऐतिहासिक कार्य करेगा।”

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को भाजपा ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने सोमवार को नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया।

हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शानदार जीत दर्ज की थी, जिसमें भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। ऐसे में संजय सरावगी की नियुक्ति को संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *