स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में ‘इम्पल्स 4.0’ का भव्य समापन, सांस्कृतिक संध्या बनी यादगार

शाहजहांपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, शाहजहांपुर में आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘इम्पल्स 4.0’ का समापन भव्य, रंगारंग और यादगार सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन और रचनात्मकता देखने को मिली। महोत्सव का सफल संचालन एमबीबीएस बैच 2022 के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिनके उत्कृष्ट प्रबंधन और प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

समापन समारोह में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा (पत्नी सहित) और आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी.के. अग्रवाल शामिल रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद समय निकालकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ‘इम्पल्स’ जैसे आयोजन छात्रों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।

सांस्कृतिक संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण एमबीबीएस बैच 2022 द्वारा प्रस्तुत थीम आधारित फैशन एक्ट रहा।
“मिस्र के देवता बनाम यूनानी देवता (Egyptian Gods vs Greek Gods)” की अनूठी थीम पर आधारित इस प्रस्तुति में मंच पर इतिहास, संस्कृति और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, सटीक मंच सज्जा और प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गायन और नृत्य प्रस्तुतियाँ भी उच्च स्तर की रहीं। विभिन्न शैलियों में किए गए नृत्य और मधुर गायन ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। वहीं एमबीबीएस बैच 2024 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीत नाटक (स्किट) ने सामाजिक संदेश के साथ दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य किया, जिसे अतिथियों और दर्शकों से विशेष सराहना मिली।

समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार सहित महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों ने बैच 2022 के विद्यार्थियों को इस भव्य आयोजन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘इम्पल्स 4.0’ का समापन हर्षोल्लास, ऊर्जा, रचनात्मकता और अविस्मरणीय यादों के साथ हुआ, जो लंबे समय तक विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों के स्मरण में बना रहेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *